Siddharthnagar: केजी बांध का एडीएम ने किया निरीक्षण, बाढ़ से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद के बाढ़ संभावित इलाकों में सुरक्षा और बचाव कार्यों को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में है। सोमवार को एडीएम गौरव श्रीवास्तव और एसडीएम कल्याण सिंह मौर्य ने सदर तहसील अंतर्गत केजी बांध सहित कई बाढ़ कटान स्थलों का दौरा कर बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को सतर्क रहने और समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
47 किमी लंबाई में बांध का निरीक्षण, 15 रेगुलेटरों की जांच
निरीक्षण अभियान के दौरान 47 किलोमीटर लंबाई वाले केजी बांध और करीब 15 रेगुलेटरों की स्थिति की विस्तार से जांच की गई। टीम ने देवपुर मस्जिदिया, महुआ, ईमिलिहा, रातें खावा, सेमरा, और रामनगर रसियावल जैसे संवेदनशील स्थानों पर जाकर कटान स्थलों और रैट होल, शाही मान जैसी तकनीकी खामियों को परखा।

बाढ़ से पहले हर स्तर पर रहें तैयार रहें
निरीक्षण के बाद एडीएम गौरव श्रीवास्तव ने कहा, सिद्धार्थनगर बाढ़ की दृष्टि से अति संवेदनशील जिला है। ऐसे में सभी विभागीय जिम्मेदार 25 जून से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे करें। पेट्रोलिंग नियमित हो, रैट होल, रैनकट और रेगुलेटरों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने आगे कहा कि बाढ़ समिति की बैठकों में सभी विभागीय प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मरम्मत और सफाई का काम लगभग पूरा
सहायक अभियंता रवि रंजन ने जानकारी दी कि बांध की स्थिति फिलहाल संतोषजनक है। उन्होंने बताया कि जहां जरूरत पड़ी वहां पर सुरक्षात्मक मरम्मत, स्किन प्लेट, डेंट-पेंट, रेगुलेटर सफाई और रैट होल सीलिंग जैसे कार्य समय से पहले ही पूरे कर लिए गए हैं।

निरीक्षण में मौजूद अधिकारी
निरीक्षण के दौरान एडीएम और एसडीएम के साथ ड्रेनेज खंड के एई रवि रंजन, जेई अखिलेश कुमार, जेई श्याम सुंदर गुप्ता, अखलाक खान, जेड एच खान समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Lucknow: अंसल API के खिलाफ धोखाधड़ी का 214वां मुकदमा, महिला से 7 लाख रुपये की ठगी, FIR दर्ज

