सिद्धार्थनगर: सड़कों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, मेडिकल कॉलेज रोड और साड़ी तिराहा से हटा अतिक्रमण
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आमजन को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम सदर के नेतृत्व में चली इस संयुक्त टीम ने मुख्यालय के प्रमुख मार्गों और तिराहों से अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कर दिया।

प्रमुख क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ अभियान
शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे शुरू हुआ यह अभियान शहर के साड़ी तिराहा, हैडिल तिराहा, मेडिकल कॉलेज रोड और जेल रोड पर चलाया गया। प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए दुकानों के शेड, टीन, ठेले और मेज-कुर्सियों को हटा दिया। इस दौरान भारी सामानों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर जब्त कर लिया गया।

इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह अभियान एसडीएम सदर कल्याण सिंह मौर्य और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर नगरपालिका ईओ अजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी और नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव व अमित सिंह सहित भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा, जिससे शांति व्यवस्था बनी रही।
दोबारा अतिक्रमण करने पर मिलेगी कड़ी सजा
एसडीएम सदर कल्याण सिंह मौर्य ने स्पष्ट किया कि सड़कों और फुटपाथों को खाली कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, क्योंकि अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और यदि किसी ने दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: देवरिया: भाषण के बीच मधुमक्खियों का हमला, पहले मंच पर डटे रहे BJP सांसद, फिर लगाई दौड़

