Siddharthnagar News: मौत का मोड़ बना ARTO ऑफिस तिराहा, राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रेकर न होने से बड़े हादसे का खतरा

Siddharthnagar News: जनपद मुख्यालय पर सिद्धार्थनगर-बाँसी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 29 पर स्थित एक व्यस्त मोड़ इन दिनों गंभीर हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। यहाँ सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (ARTO), बीएसएनएल ऑफिस, प्रांतीय खंड राप्ती और कृषि विभाग के महत्वपूर्ण दफ्तर मौजूद हैं, जहाँ लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। लेकिन मुख्य सड़क से इन कार्यालयों की ओर मुड़ने वाले इस तिराहे पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

ब्लैक स्पॉट बना एआरटीओ मोड़

स्थानीय जानकार और राहगीर इस मोड़ को अब मौत का मोड़ कहने लगे हैं। राजमार्ग होने के कारण वाहनों की गति तेज रहती है, और अचानक ऑफिसों की ओर मुड़ने वाले वाहनों से अक्सर टक्कर हो जाती है। सड़क बनने के बाद से आज तक यहाँ ब्रेकर नहीं लगाया गया है, जिससे यह मोड़ एक खतरनाक ब्लैक स्पॉट में तब्दील हो गया है।

राहगीरों और कार्यालयों में आने-जाने वाले आम लोगों के लिए यह मोड़ मुसीबत का सबब बन चुका है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर खतरे से अनजान बने हुए हैं।

Siddharthnagar ARTO Mod

ब्रेकर नहीं लगा तो बड़ी जनहानि संभव

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस व्यस्त मोड़ पर स्पीड ब्रेकर नहीं लगाया गया, तो आने वाले समय में यहाँ बहुत बड़ी जनहानि होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसकी पूरी जवाबदेही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की होगी। इस मामले को लेकर जब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) गोरखपुर परिक्षेत्र के परियोजना निदेशक (PD) ललित पाल से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं था। इसकी जांच कराकर जनहित में समुचित व्यवस्था की जाएगी।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: फिट दिखने वालों को भी निगल रही साइलेंट बीमारी, बढ़ रहा Heart Attack का ख़तरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.