सिद्धार्थनगर भाजपा को मिला नया नेतृत्व, दीपक मौर्य बने जिलाध्यक्ष, समर्थकों में उत्साह
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने सिद्धार्थनगर जनपद की कमान एक युवा और जमीनी कार्यकर्ता दीपक मौर्य को सौंपी है। गुरुवार देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी 11 जिलाध्यक्षों की सूची में दीपक मौर्य का नाम शामिल होने के बाद से ही जिले के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
कौन हैं दीपक मौर्य?
दीपक मौर्य लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के साथ एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जुड़े हुए हैं। उन्हें संगठन में उनकी सक्रियता, निष्ठा और मजबूत पकड़ के लिए जाना जाता है। प्रदेश नेतृत्व ने उनकी संगठनात्मक क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें निवर्तमान जिलाध्यक्ष के स्थान पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
आगामी चुनावों और सांगठनिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में ‘मिशन 2027’ की तैयारी शुरू कर दी है। दीपक मौर्य की नियुक्ति को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। नए चेहरे को कमान सौंपकर पार्टी ने यह संदेश दिया है कि मेहनत करने वाले सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़ा पद मिल सकता है। दीपक मौर्य का मुख्य लक्ष्य सरकार की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा।
“पार्टी ने अदना से कार्यकर्ता को बड़ा मान दिया”: दीपक मौर्य
नियुक्ति के बाद ‘संदेश वाहक‘ से बातचीत में दीपक मौर्य ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा “मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जी का आभारी हूं कि उन्होंने मुझ जैसे एक अदना कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। मैं ईश्वर को साक्षी मानकर पूरी ईमानदारी से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहूंगा।”
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश के जिन 11 नए जिलाध्यक्षों के नामों का एलान किया है, उनमें सिद्धार्थनगर को विशेष प्राथमिकता दी गई है। जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि दीपक मौर्य के नेतृत्व में पार्टी नई ऊँचाइयों को छुएगी।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सिद्धार्थनगर: ‘TET अनिवार्यता’ के खिलाफ शिक्षकों का हल्लाबोल, जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च

