Siddharthnagar News: दवा कारोबारी दंपती की खून से सनी मिली लाशें, सुसाइड नोट बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी कस्बे में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। स्थानीय दवा कारोबारी मदन मोहन अग्रवाल (60) और उनकी पत्नी अंजू अग्रवाल (55) की लहूलुहान हालत में लाशें उनके फ्लैट से बरामद हुईं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद कस्बे में मातम पसर गया है।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने तोड़ा दम अस्पताल में
जानकारी के मुताबिक, मदन मोहन अग्रवाल अपने फ्लैट के बरामदे में गंभीर रूप से घायल हालत में मिले, जबकि उनकी पत्नी अंजू अग्रवाल का शव कमरे के अंदर खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। दोनों की हालत देखकर मामला शुरुआत से ही संदिग्ध लग रहा था। मदन मोहन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर की गहन जांच
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, सीओ शोहरतगढ़ सुजीत राय, एसडीएम राहुल सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने फ्लैट के भीतर से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बेटे ने खोला परिवार की परेशानी का राज
मृतक दंपती के बेटे राहुल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता पिछले कुछ समय से काफी मानसिक तनाव में थे। कारोबार में भारी घाटा और कर्ज के चलते वे लगातार परेशान रहते थे। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिससे शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या की ओर इशारा करता है। हालांकि, अधिकारी अभी इसे लेकर कोई ठोस निष्कर्ष निकालने से बच रहे हैं।
हत्या या आत्महत्या? सभी एंगल पर जांच जारी
सीओ सुजीत राय ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है, और पुलिस हत्या की आशंका सहित सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
दंपती की रहस्यमय मौत की खबर से बढ़नी कस्बा शोक में डूब गया है। स्थानीय व्यापारियों और आमजन में गहरा दुख और स्तब्धता है, क्योंकि मदन मोहन अग्रवाल इलाके में एक शांत, मिलनसार और सम्मानित कारोबारी माने जाते थे।

