Siddharthnagar News: निर्माणाधीन लाइब्रेरी में दफन मिला महिला मजदूर का शव, पति पर हत्या का शक
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन पुस्तकालय से शनिवार को एक महिला मजदूर का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की पहचान नींबू माझी (पत्नी शिवकुमार, निवासी रामनगर, बिहार) के रूप में हुई है। मृतका अपने पति के साथ मजदूरी करने सिद्धार्थनगर आई थी।
दुर्गंध से खुला राज
नगर पंचायत द्वारा दशरथ नगर वार्ड में पुस्तकालय का निर्माण कार्य चल रहा था। ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी कि निर्माणाधीन भवन से तेज दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मिट्टी खुदवाकर शव को बाहर निकाला।
हत्या का शक पति पर
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका है। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतका के पति शिवकुमार पर ही हत्या का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस का अनुमान है कि आरोपी ने पत्नी की हत्या कर शव को मिट्टी में दफना दिया और फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस की टीम बिहार रवाना हो गई है, जहां आरोपी के छिपे होने की संभावना जताई गई है। एएसपी प्रशांत कुमार ने कहा कि, “जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।”
रिपोर्ट : जाकिर खान
Also Read: Lucknow News: जलकल विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महापौर ने किया सम्मानित

