सिद्धार्थनगर: राप्ती नदी में डूबे युवक का शव 21 घंटे बाद बरामद, विधायक ने दिया मदद का आश्वासन
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के थाना उसका बाजार क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिघरा निवासी 17 वर्षीय संदेश उर्फ विनय पुत्र संतोष गौड़ का शव बूढ़ी राप्ती नदी में डूबने के लगभग 21 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। युवक शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे नदी में डूबा था, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया था।
21 घंटे बाद मिली सफलता
शुक्रवार शाम घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों, ग्रामीणों और थाना प्रभारी (उसका बाजार) हरिकृष्ण उपाध्याय द्वारा खोजबीन शुरू की गई थी, लेकिन रात होने के कारण सफलता नहीं मिल पाई। शनिवार की दोपहर को एसडीआरएफ (SDRF) टीम, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के अथक प्रयास से संदेश गौड़ के शव को बूढ़ी राप्ती नदी से बाहर निकाला गया।

थाना प्रभारी हरिकृष्ण उपाध्याय और नायब तहसीलदार अमित सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि काफी मशक्कत के बाद शव खोजा गया। पंचनामा भरकर शव को अंतिम क्रिया के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना का संभावित कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे लघुशंका या अन्य कार्य से बूढ़ी राप्ती नदी के निकट गया था। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि संभवतः पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया।
विधायक ने दी सांत्वना और मदद का आश्वासन
घटना की सूचना मिलने पर कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन को शव की खोज तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक श्यामधनी राही ने पीड़ित परिवार से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया, “पीड़ित परिवार की हर तरह से मदद की जाएगी। मदद में कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा।” उन्होंने अधिकारियों से दूरभाष पर और व्यक्तिगत रूप से बात करके पीड़ित परिवार को यथासंभव आर्थिक सहायता दिलाने की बात भी कही।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: बिहार चुनाव: सहनी के दावों पर एनडीए का पलटवार

