Siddharthnagar News: युवक की निर्मम हत्या का खुलासा, दो हत्यारे गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग बना वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक नवयुवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेसरहा पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की वजह और गिरफ्तारी
दो दिन पहले थाना खेसरहा क्षेत्र के बेलउख गांव के पास एक बगीचे में आकाश गुप्ता (निवासी बनुहिया बुजुर्ग) का शव मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आकाश की कुछ महीने पहले आरोपी निखिल राय की प्रेमिका से बातचीत होती थी। इसी बात से नाराज होकर निखिल ने अपने दोस्त शैलेश यादव के साथ मिलकर आकाश की हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों, निखिल राय और शैलेश यादव को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार (प्लास और पेचकस) और मृतक की सोने की चेन भी बरामद की गई है।

पुलिस को मिला नकद पुरस्कार
यह मामला पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था। हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन ने तुरंत एक टीम का गठन किया। इस सफल खुलासे के लिए एसपी ने पूरी टीम को ₹15,000 का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
खेसरहा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र और एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी के नेतृत्व में इस टीम ने घटना को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Also Read: Varanasi News: पद्म विभूषण पंडित छन्नू लाल मिश्र की तबीयत बिगड़ी, आयुष मंत्री ने जाना हाल

