सिद्धार्थनगर: जमीन विवाद में दबंगों ने परिवार पर किया हमला, न्याय के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के रजवापुर गांव से मानवता को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। गांव में जमीन विवाद के चलते कुछ दबंगों ने एक महिला और उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पीड़िता अनारमती ने आरोप लगाया है कि 14 जून को गांव के ही जोगी, अजय, सुनील, चंदू, धर्मराज, शिव शंकर और राजेंद्र नामक लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से मिट्टी निकालनी शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।

इस हमले में अनारमती के एक बेटे का सिर फोड़ दिया गया और दूसरे का पैर तोड़ दिया गया। खुद अनारमती समेत परिवार के अन्य सदस्य भी बुरी तरह घायल हो गए। सभी का इलाज फिलहाल मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अनारमती का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना तत्काल मोहाना थाने को दी, लेकिन पुलिस ने न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही कोई कार्रवाई की। उल्टा, उन्हें घंटों थाने में बैठाकर दबाव बनाने की कोशिश की गई।

निराश होकर अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। लेकिन घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद न कोई एफआईआर दर्ज हुई है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। अनारमती का दावा है कि आरोपी अब भी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और उनका परिवार डर के साये में जी रहा है।

रिपोर्ट :- जाकिर खान

Also Read: लखनऊ में बड़ा हादसा टला: 1090 चौराहे पर डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, कई यात्री घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.