सिद्धार्थनगर: छात्राओं को CO सदर की गारंटी, बोले- शिकायत गोपनीय रहेगी, तुरंत होगी कार्रवाई
Siddharthnagar News: महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0’ के तहत सिद्धार्थनगर पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। शनिवार को क्षेत्राधिकारी सदर (IPS विश्वजीत सौरयान) के नेतृत्व में थाना लोटन की मिशन शक्ति टीम ने कल्पनाथ सिंह कन्या इंटर कॉलेज, लोटन की छात्राओं को नारी सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए जागरूक किया।
छात्राओं को सुरक्षा की गारंटी
कार्यक्रम के दौरान विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी सदर (आईपीएस) ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा “किसी भी प्रकार की असुरक्षा या समस्या के समय आप बिना किसी झिझक के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आपकी शिकायतों को पूर्णतः गोपनीय रखा जाए और उन पर तत्काल प्रभाव से त्वरित कार्रवाई की जाएगी।”
हेल्पलाइन नंबरों और आत्मरक्षा पर जोर
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को सशक्तिकरण और साइबर अपराध सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में बताया गया। छात्राओं में मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पेंपलेट वितरित किए गए।
छात्राओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 प्रमुख थे। पुलिस टीम ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर भी सिखाए, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में घबराए बिना अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें और तुरंत इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
Also Read: Gonda News: केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को बड़ी राहत, FIR दर्ज करने के आदेश पर लगी रोक

