Siddharthnagar News: जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में 326 करोड़ की विकास योजनाओं को हरी झंडी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला पंचायत बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के विकास के लिए भारी-भरकम बजट और नई योजनाओं पर मुहर लगाई गई। ‘विकसित भारत जीरामजी’ (G RAM G) योजना के तहत 326 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई, जबकि 47 करोड़ 11 लाख रुपये की अन्य परियोजनाओं का अनुमोदन किया गया।

सांसद जगदंबिका पाल ने दी बजट की जानकारी
बैठक में उपस्थित डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित बजट का सर्वसम्मति से अनुमोदन कर दिया गया है। पिछले वर्ष हुए विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। जिला पंचायत सदस्यों द्वारा उठाई गई क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। सदस्यों की मांग पर जिले में जिला पंचायत की खाली पड़ी जमीनों पर कमर्शियल दुकानें बनाने और रुकी हुई अलॉटमेंट प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया।

लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह ने बैठक की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि इन योजनाओं से जिले का समुचित विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा ज्यादातर अधिकारी बैठक में मौजूद थे, लेकिन जो बिना सूचना अनुपस्थित रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए संपत्तियों को चिह्नित कर जल्द ही दुकानों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
बैठक में दिग्गजों की मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक जय प्रताप सिंह, श्याम धनी राही, डुमरियागंज विधायिका सैय्यदा खातून, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बलराम सिंह समेत सभी जिला पंचायत सदस्य और जनपद के आला अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Ayodhya News: राम मंदिर के हनुमान मंदिर पर ‘बजरंगी’ लहराएंगे ध्वज, दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा

