Siddharthnagar News: समाधान दिवस पर डीएम और एसपी ने सुनीं जनता की फरियाद, मोहाना चौराहे पर जरूरतमंदों को बांटे कंबल
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर प्रशासन का मानवीय चेहरा देखने को मिला। मोहाना थाने में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने खुद मोर्चा संभाला और लोगों की शिकायतों का निपटारा किया।
समाधान दिवस के दौरान थाने पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को डीएम और एसपी ने बेहद गंभीरता से सुना। जमीन विवाद, आपसी रंजिश और अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़े प्रार्थना-पत्रों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण और त्वरित होना चाहिए ताकि जनता को न्याय के लिए भटकना न पड़े।

ठिठुरती ठंड में बुजुर्गों को मिला सहार
जनसुनवाई खत्म करने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मोहाना चौराहे पर पहुंचे। यहाँ बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए अधिकारियों ने गरीब, बेसहारा और बुजुर्गों के बीच कंबल वितरण किया।
कंबल पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि पुलिस और प्रशासन का उद्देश्य न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करना भी है।

अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा रैन बसेरों व अलाव की व्यवस्था का लाभ उठाएं। इस मौके पर राजस्व और पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: सेंगर के समर्थन में उतरे बृजभूषण सिंह, बोले- सजा दी तब ठीक था, अब सजा रुकी तो सवाल क्यों?

