सिद्धार्थनगर: मेडिकल कॉलेज में बन रहे गर्ल्स हॉस्टल और क्रिटिकल केयर यूनिट का डीएम ने किया मुआयना
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के परिसर का दौरा किया। उन्होंने वहां निर्माणाधीन 200 बेड वाले गर्ल्स हॉस्टल और 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

छात्राओं के लिए बन रहा ₹17.78 करोड़ का हॉस्टल
‘संदेश वाहक’ से खास बातचीत में डीएम ने बताया कि एमबीबीएस की छात्राओं के लिए 200 बेड का गर्ल्स हॉस्टल तैयार किया जा रहा है। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर लगभग 1778.83 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान प्लिंथ बीम की ढलाई का काम चलता पाया गया।
जिलाधिकारी ने स्टीमेट का अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण की रफ्तार बढ़ाई जाए और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो।

90% पूरी हुई क्रिटिकल केयर यूनिट, फंड की कमी पर हुई चर्चा
इसके बाद डीएम ने 50 बेड की ‘क्रिटिकल केयर यूनिट’ का निरीक्षण किया, जो आपातकालीन चिकित्सा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह यूनिट करीब 1997.24 लाख रुपये की लागत से बन रही है। भवन का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने सभी कमरों का स्वयं निरीक्षण किया।
संस्था के अधिकारियों ने डीएम को बताया कि तीसरी किस्त की धनराशि अभी तक नहीं मिल पाई है, जिसकी वजह से काम की गति प्रभावित हो रही है। इस पर डीएम ने तुरंत किस्त की डिमांड भेजने का निर्देश दिया ताकि काम समय पर पूरा हो सके।

समय पर काम पूरा करना प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रजत कुमार चौरसिया और कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिले की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और पूरी मजबूती के साथ पूरे होने चाहिए।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार बस पलटी, 7 लोगों की मौत

