Siddharthnagar News: गैस एजेंसी पर डीएम का औचक छापा, सुरक्षा मानकों और कालाबाजारी को लेकर दी कड़ी चेतावनी
Siddharthnagar News: जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने के मकसद से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने नौगढ़ स्थित उत्तमा गैस सर्विस का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल कागजी दस्तावेजों को खंगाला, बल्कि सुरक्षा के कड़े इंतजामों की भी पड़ताल की।
डीएम ने गैस सिलेंडरों के भंडारण (गोदाम) स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि गैस एजेंसियों पर सुरक्षा नियमों का पालन करना कोई विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है। जिलाधिकारी ने एजेंसी में मौजूद अग्निशमन उपकरणों (Fire Extinguishers) को खुद चेक किया और निर्देश दिए कि ये हमेशा वर्किंग कंडीशन में होने चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

कालाबाजारी हुई तो होगी जेल
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालक को उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा, उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद समय से सिलेंडर मिलना चाहिए। स्टॉक रजिस्टर और डिलीवरी डेटा हमेशा अपडेट रहे। यदि गैस की कालाबाजारी या किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिली, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से सीधा संवाद
खास बात यह रही कि डीएम ने वहां मौजूद आम लोगों और उपभोक्ताओं से भी बात की। उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें सिलेंडर मिलने में कोई परेशानी तो नहीं हो रही? जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस लेने में कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए और ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण व्यवस्था को और सुगम बनाया जाए।
रिपोर्ट- जाकिर खान

