Siddharthnagar News: डीएम ने किया शहीदों को नमन, सेनानियों के परिवारों का हुआ सम्मान
Sandesh Wahak Digital Desk: देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़े ग्राम तेजगढ़, बांसी में आज ‘काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव’ धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सिद्धार्थनगर जिले में अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक स्थल पर एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार सिंह ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद यादव की समाधि पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी ग्रामवासियों ने लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
जिलाधिकारी और जिला विकास अधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार के सदस्यों – ध्रुवचंद, कन्हैया, हरिपाल, रमेश, नरसिंह, रामप्रसाद, हरीश और भगौती को माला पहनाकर और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का भी किया आह्वान
अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि ग्राम तेजगढ़ का इतिहास स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ा है। उन्होंने कहा सेनानियों के बलिदान से ही हमें आज़ादी मिली है और हम खुली हवा में साँस ले रहे हैं। उन्होंने ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ को अंग्रेजी हुकूमत को हिला देने वाली एक ऐतिहासिक घटना बताया और कहा कि यह कार्यक्रम उन्हीं वीर सपूतों की याद में आयोजित हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का भी आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि यह गांव स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद यादव की जन्मस्थली है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
रिपोर्ट : जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: दाढ़ी बनवाते युवक पर उस्तरे से हमला, हालत गंभीर

