सिद्धार्थनगर डीएम का कड़ा एक्शन: गौशाला निरीक्षण में पशु चिकित्सक की मिली लापरवाही, रोका गया वेतन
सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को नगर पंचायत डुमरियागंज स्थित कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंशों के रखरखाव और स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। हालांकि, अधिकारियों और डॉक्टरों के निरीक्षण रजिस्टर में लापरवाही देख डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
डॉक्टरों की सुस्ती पर गिरी गाज
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि संबंधित पशु चिकित्सक द्वारा गौशाला का नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा था। इस पर डीएम ने तत्काल एक्शन लेते हुए पशु चिकित्सक का वेतन रोकने के आदेश दिए। साथ ही उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से इस लापरवाही पर लिखित स्पष्टीकरण (Show Cause Notice) मांगा है।

गौवंश के बीच पहुंचे डीएम
निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 105 गौवंश संरक्षित पाए गए। जिलाधिकारी ने खुद गौवंशों के पास जाकर उन्हें गुड़ और केला खिलाया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर और डॉक्टर विजिटिंग रजिस्टर का मिलान किया और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
ठंड से बचाव के सख्त निर्देश
बढ़ती शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर पंचायत प्रशासन और पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि गौवंशों को ठंड से बचाने के लिए तिरपाल, चट्टी और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था हो। उनके लिए हरा चारा, भूसा और पोषाहार की गुणवत्ता में कोई कमी न आए। डॉक्टर नियमित रूप से गौवंशों की स्वास्थ्य जांच करें ताकि किसी भी बीमारी को फैलने से रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इन परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: डुमरियागंज समाधान दिवस: डीएम की दो-टूक, बोले- शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों के सामने हो जांच

