Siddharthnagar News: धार्मिक स्थलों पर हमले की घटनाओं के विरोध में सपा नेता ने SP को सौंपा ज्ञापन
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से धार्मिक स्थलों पर हो रहे हमलों ने इलाके के माहौल को पूरी तरह से तनावपूर्ण बना दिया है। इन घटनाओं को अंजाम देने वाले अराजक तत्वों पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश आमंत्रित सदस्य कमाल अहमद खान ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अभिषेक महाजन को ज्ञापन सौंपा।
सपा नेता कमाल अहमद खान ने ज्ञापन के माध्यम से चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले डुमरियागंज में एक मंदिर को नुकसान पहुँचाया गया था, और अब क्षेत्र में मज़ार को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे तनाव और अधिक बढ़ गया है।
कमाल अहमद खान ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे तत्वों को तुरंत चिन्हित किया जाए। उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने ज़ोर दिया कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी कि जिले का शांतिपूर्ण और सांप्रदायिक सौहार्द का माहौल किसी भी कीमत पर बिगड़ने न पाए। सपा नेता ने एसपी से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द शांति व्यवस्था बहाल करने की अपील की।
रिपोर्ट- जाकिर खान

