Siddharthnagar News: जेवर चोरी कांड के एक माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली, पीड़िता ने लगाई SP से गुहार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के चर्चित काका पैलेस में बीते 5 जून 2025 को एक शादी समारोह के दौरान हुई गहनों और नगदी की चोरी की घटना को एक महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो चोरों का कोई सुराग मिला है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो पाया है। पीड़िता मधुबाला श्रीवास्तव अब न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन से मिलीं, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई है।

क्या है पूरा मामला?

मधुबाला श्रीवास्तव, निवासी टोला सोनपुर, थाना सिद्धार्थनगर, की बेटी नेहा श्रीवास्तव की शादी 4 जून को जिला मुख्यालय स्थित काका पैलेस में आयोजित थी। शादी के अगले दिन यानी 5 जून को द्वारपूजा के समय, परिवार के सदस्य समारोह में व्यस्त थे, इसी बीच ऊपर कमरे में रखा बैग जिसमें नेहा के शादी के कीमती गहने, मोबाइल फोन और नगदी रखे थे गायब हो गया।

क्या-क्या हुआ चोरी?

  • 3 जोड़ी कान के झाल
  • 1 चैन-लॉकेट
  • 1 मंगलसूत्र
  • 4 जोड़ी बिछिया
  • मोबाइल फोन
  • ₹2000 नकद

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है, फिर भी अब तक पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।

मैनेजर और सफाईकर्मी पर शक

मधुबाला श्रीवास्तव ने साफ तौर पर काका पैलेस के मैनेजर और सफाई कर्मचारियों पर चोरी में शामिल होने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि जिस कमरे से बैग चोरी हुआ, वहां बाहरी व्यक्ति का जाना आसान नहीं था। इसके अलावा, जानकारी मिली है कि उसी रात पैलेस के अन्य कमरों में भी चोरी हुई थी। पीड़िता को छत पर उनका खाली बैग मिला, जिसमें से सभी सामान गायब था।

पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल

मधुबाला द्वारा स्थानीय थाना और पुलिस प्रशासन को एक महीने पहले ही लिखित शिकायत दी जा चुकी थी, लेकिन अब तक न FIR दर्ज हुई, न ही किसी प्रकार की जांच में प्रगति दिखी। यही कारण है कि आज उन्होंने खुद पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा और मीडिया से रूबरू होकर अपनी आपबीती बताई।

पुलिस का क्या कहना है?

सीओ सदर मयंक द्विवेदी ने ‘संदेश वाहक’ से बातचीत में कहा मामला आज हमारे संज्ञान में आया है। पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा और दोषियों तक पुलिस पहुंचेगी।

रिपोर्ट – जाकिर खान।

 

Also Read: कांवड़ यात्रा 2025: शांति और सुरक्षा के लिए यूपी सरकार की बड़ी बैठक, चार राज्यों के अफसर होंगे शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.