Siddharthnagar News: किसानों को खाद खरीदने से पहले करना होगा यह काम, जानें क्या है नया नियम?

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के किसानों को तय कीमतों पर और अच्छी गुणवत्ता वाली खाद उपलब्ध कराई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी मुजम्मिल खान ने बताया कि सभी खाद विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे सिर्फ उन्हीं किसानों को खाद बेचें, जो अपनी पहचान और ज़मीन के दस्तावेज़ पेश करें।

किसान आधार और खतौनी के साथ ही खरीदें खाद

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय अपना आधार कार्ड और खतौनी साथ लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि खाद विक्रेता को पीओएस (POS) मशीन में अंगूठा लगाने के बाद मिली रसीद के अनुसार ही तय दाम पर खाद खरीदनी चाहिए। यदि किसानों को खाद खरीदने में कोई भी समस्या आती है, तो वे जिले में बने कंट्रोल रूम के नंबरों 05544-359009 और 9935260276 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है यूरिया और डीएपी

मुजम्मिल खान ने बताया कि जिले में इस समय यूरिया और डीएपी जैसी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने खाद के स्टॉक और वितरण का ब्यौरा भी दिया।

  • डीएपी: लक्ष्य 14,265 मीट्रिक टन के मुकाबले, 10,636 मीट्रिक टन उपलब्ध है, जिसमें से 7,317 मीट्रिक टन का वितरण हो चुका है।
  • यूरिया: 59,320 मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 55,258 मीट्रिक टन उपलब्ध है, जिसमें से 49,203 मीट्रिक टन वितरित की जा चुकी है।
  • एनपीके: लक्ष्य 3,296 मीट्रिक टन के मुकाबले 4,732 मीट्रिक टन उपलब्ध है, जिसमें से 2,836 मीट्रिक टन का वितरण हुआ है।

उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार को 3,500 बोरी यूरिया की नई खेप मिली है, जिसे जिले के 18 निजी केंद्रों पर भेजा जा रहा है। जल्द ही यूरिया की एक और खेप मिलने की उम्मीद है।

कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खाद की कालाबाजारी, तस्करी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए खाद की दुकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी, एसएसबी और पुलिस की टीमें मिलकर सीमावर्ती इलाकों में लगातार छापा मार रही हैं ताकि तस्करी को रोका जा सके।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: लखनऊ का ऐतिहासिक ‘रिफा-ए-आम क्लब’ अतिक्रमण से मुक्त, एलडीए ने ढहाई अवैध इमारतें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.