Siddharthnagar News: वन विभाग के प्रहरी बसंत प्रसाद को दी गई भावभीनी विदाई, साथियों ने भेंट की रामचरितमानस
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय स्थित रेंज कार्यालय परिसर में शनिवार को वन विभाग के एक निष्ठावान सिपाही, बीट प्रभारी (वन) बसंत प्रसाद के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। डीएफओ नीलम एम. के कुशल निर्देशन और एसडीओ (वन) वीना तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बसंत प्रसाद के लंबे और सफल कार्यकाल को याद किया गया।
विदाई के क्षणों में बसंत प्रसाद काफी भावुक नजर आए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, वन विभाग में नौकरी मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि जंगलों के प्रति एक समर्पण था। आज सेवा से मुक्त हो रहा हूँ, लेकिन वन और वन्यजीवों की सुरक्षा का भाव मेरे मन में हमेशा जीवित रहेगा।
मुख्य अतिथि एसडीओ वीना तिवारी ने बसंत प्रसाद को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बसंत जी ने न केवल अवैध कटान और शिकार को रोकने में कड़ी मेहनत की, बल्कि स्थानीय लोगों के साथ तालमेल बिठाकर वनीकरण (Afforestation) के कार्यों को भी बखूबी अंजाम दिया। विभाग उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।

रेंजर नौगढ़/शोहरतगढ़ आरके कुशवाहा ने बसंत प्रसाद को माला पहनाकर ‘रामचरितमानस’ भेंट की। उन्होंने बताया कि बसंत प्रसाद वर्ष 2002 से निरंतर विभाग को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके सरल और मृदुभाषी स्वभाव की प्रशंसा करते हुए रेंजर ने कहा कि उनका कार्य नए कर्मचारियों के लिए एक नजीर (मिसाल) साबित होगा।
समारोह में फॉरेस्टर शैलेंद्र यादव, निखिल श्रीवास्तव और अन्य साथियों ने सामूहिक रूप से बसंत प्रसाद को छड़ी, शॉल, छाता, ब्रीफकेस और बेड आदि उपहार स्वरूप भेंट किए। इस दौरान वन विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने साथी को ससम्मान विदा किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: होली और रमजान से पहले एक हुए 7 विवादित जोड़े, महिला थाने में बंटी मिठाई

