सिद्धार्थनगर: दंगल के मैदान में पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह की जुबान फिसली, वीडियो वायरल
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह एक बार फिर अपने बयानों के चलते मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में आयोजित एक कुश्ती दंगल के दौरान उन्होंने मुस्लिम समुदाय को लेकर ऐसी अमर्यादित टिप्पणी कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। इस बयान के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है।
दंगल के बीच अचानक बिगड़े बोल
मामला डुमरियागंज में आयोजित ‘राम-राम कुश्ती दंगल’ के दूसरे दिन का है। बताया जा रहा है कि मैच के दौरान दो पहलवानों के बीच ‘पॉइंट’ को लेकर कुछ कहासुनी हो गई थी। विवाद को सुलझाने के बजाय, दंगल के आयोजक और पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने माइक थामकर विवादित बयान दे डाला।
वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा रहा है कि, “पहलवानों के ‘खतना’ की जांच करो, पता चल जाएगा कि अगर मुस्लिम है तो रियल में उपद्रवी होगा।”
थानाध्यक्ष को भी घसीटा विवाद में
हैरानी की बात यह है कि पूर्व विधायक यहीं नहीं रुके। उन्होंने मंच से सार्वजनिक रूप से वहां मौजूद थानाध्यक्ष (SHO) डुमरियागंज को संबोधित करते हुए इस ‘जांच’ की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कह डाली। मंच से दी गई इस दलील को सुनकर वहां मौजूद लोग भी सन्न रह गए। अब यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा और आलोचना का विषय बना हुआ है।
विवादों से पुराना है नाता
यह कोई पहली बार नहीं है जब राघवेंद्र प्रताप सिंह अपने बयानों के कारण सुर्खियों में आए हों। इससे पहले भी वह कई बार मंचों से विवादास्पद और भड़काऊ भाषण दे चुके हैं, जिसे लेकर उनकी तीखी आलोचना होती रही है। ताजा मामले के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोग उनके इस व्यवहार की निंदा कर रहे हैं।
वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पूर्व विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में घर का सपना होगा सच: LDA की ‘अनंत नगर’ योजना की लॉटरी 30 और 31 जनवरी को

