सिद्धार्थनगर स्थापना दिवस: ‘दुनिया को युद्ध मिला और भारत ने बुद्ध दिया’, 37वीं वर्षगांठ पर गूंजा शांति का संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: भगवान बुद्ध की क्रीड़ास्थली सिद्धार्थनगर ने सोमवार, 29 दिसंबर को अपना 37वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी शामिल हुए।

भगवान बुद्ध को श्रद्धासुमन और स्तूप पूजन
स्थापना दिवस का शुभारंभ सुबह साड़ी तिराहा, सिद्धार्थ चौराहे और बर्डपुर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात नगर पंचायत कपिलवस्तु स्थित ‘कपिलवस्तु स्तूप’ पर मुख्य अतिथि सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक माता प्रसाद पाण्डेय और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने दीप प्रज्ज्वलित कर पूजन किया। शिवपति इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत और कपिलवस्तु गीतों से समां बांध दिया।

महापुरुषों के विचार: “बुद्ध की धरती से है हमारी पहचान”
सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा, “विश्व ने दुनिया को युद्ध दिया, लेकिन भारत ने बुद्ध दिया। तथागत ने पूरे विश्व को अहिंसा, करुणा और दया का पाठ पढ़ाया।” उन्होंने घोषणा की कि बुद्ध सर्किट के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं और अस्थि कलश को दिल्ली से वापस कपिलवस्तु म्यूजियम लाने के प्रयास जारी हैं।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि राजकुमार सिद्धार्थ ने दुनिया को नई व्यवस्था देने के लिए इसी धरती से संन्यास लिया। बुद्ध का शांति संदेश आज भी वैश्विक शांति के लिए अनिवार्य है।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जनपद वासियों को बधाई देते हुए बताया कि कपिलवस्तु की सड़कों को 4-लेन किया जाएगा। साथ ही ‘लाइट एंड साउंड शो’ और विपासना केंद्र का कार्य शीघ्र पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।

विकास की नई राह पर सिद्धार्थनगर
कार्यक्रम के दौरान जनपद के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
बुद्ध सर्किट: 250 करोड़ की लागत से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार।
लाइट एंड साउंड शो: कपिलवस्तु में पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र।
काला नमक चावल: जनपद की इस खास पहचान को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना।
भन्तेगणों के लिए सुविधा: ठहरने हेतु कम्युनिटी सेंटर का निर्माण।
सेवा कार्य: इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा भन्तेगणों को कंबल वितरण भी किया गया।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: UP STF की बड़ी कार्रवाई: गोंडा का 50,000 का इनामी हिस्ट्रीशीटर जाकिर गिरफ्तार

