Siddharthnagar News: प्रशासन का दावा, स्टॉक की कोई कमी नहीं, ड्रमों में पेट्रोल भरने पर लगाई रोक
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जिले में पिछले कुछ घंटों से सोशल मीडिया पर एक अफवाह तेजी से फैल रही है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की किल्लत होने वाली है। इस गलत खबर की वजह से शहर से लेकर गांव तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया है और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। स्थिति को बिगड़ता देख जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।
अफवाहों से मची अफरा-तफरी
सोशल मीडिया पर फैली गलत जानकारियों की वजह से लोग डर के मारे अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करा रहे हैं और कई जगहों पर ड्रमों व टैंकरों में तेल भरकर स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी तरह रसोई गैस को लेकर भी लोग एडवांस बुकिंग और अवैध भंडारण की कोशिश में जुटे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसियों को कड़े निर्देश जारी किए है।

ड्रमों में तेल देने पर पाबंदी: किसी भी पेट्रोल पंप पर अब किसी व्यक्ति को ड्रम या खुले टैंकर में डीजल-पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। तेल केवल गाड़ियों की टंकी में ही भरा जाएगा।
गैस सिलेंडर की सप्लाई: गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे ‘बैकलॉग’ (पुरानी बुकिंग) को प्राथमिकता दें। केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जाए जिन्होंने नियमानुसार बुकिंग कराई है।
भंडारण पर रोक: अनावश्यक रूप से ईंधन जमा करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने ‘संदेश वाहक’ से खास बातचीत में कहा कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने आम जनता से अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही बिना सिर-पैर की खबरों पर ध्यान न दें। एजेंसियां और प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्ट- जाकिर खान

