Siddharthnagar News: प्रशासन गांव की ओर के साथ सुशासन सप्ताह का आगाज़, पूर्व आईएएस ने कहा- न्याय ही लोक सेवक का धर्म

Siddharthnagar News: भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश के साथ सिद्धार्थनगर में भी सुशासन सप्ताह बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस खास कार्यशाला में जिला प्रशासन ने अपनी उपलब्धियों का लेखा-जोखा रखा और भविष्य के लिए सुशासन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी नरेन्द्र शंकर पाण्डेय शामिल हुए। वर्तमान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में पाण्डेय भावुक दिखे और उन्होंने लोक सेवकों को नसीहत देते हुए कहा, हमें जनता की समस्याओं को केवल सुनना नहीं है, बल्कि समय पर उनका समाधान भी करना है।

Siddharthnagar Good Governance Week

एक लोक सेवक के भीतर आत्मविश्वास, ईमानदारी और अपनी मातृभाषा के प्रति गौरव होना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और उन्हें एक ऊर्जावान और प्रतिभावान अधिकारी बताया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने पीपीटी (PPT) के माध्यम से जनपद की प्रगति रिपोर्ट साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे सिद्धार्थनगर सुशासन की राह पर आगे बढ़ रहा है।

Siddharthnagar Good Governance Week

व्हाट्सएप पर समाधान: जनसुनवाई के दौरान मिलने वाली शिकायतों को तुरंत संबंधित अधिकारियों को व्हाट्सएप पर भेजकर निस्तारण कराया जा रहा है।

गांव-गांव चौपाल: हर शुक्रवार को गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जाता है।

पेंशन और आवास: पात्र लाभार्थियों को बिना किसी देरी के मुख्यमंत्री/प्रधानमंत्री आवास और पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

सिद्धार्थनगर को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बलराम सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के प्रयासों की भी सराहना की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन का पूरा जोर जनपद को टीबी मुक्त बनाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर है।

सीडीओ बलराम सिंह ने जानकारी दी कि सुशासन सप्ताह के दौरान ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी विभागों ने अधूरे कार्यों को ‘युद्ध स्तर’ पर पूरा किया है और गरीबों को मुफ्त राशन वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।

कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथि नरेन्द्र शंकर पाण्डेय को स्मृति चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले के तमाम बड़े अधिकारी जैसे पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया और अन्य सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: पाकिस्तान में पुलिस वैन पर आतंकी हमला, 5 जवानों की दर्दनाक मौत, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.