सिद्धार्थनगर को मिला न्यूरो सर्जरी का आधुनिक केंद्र, अब इलाज के लिए बाहर भटकने की जरूरत नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk: अब छोटे शहरों के लोगों को भी बड़े शहरों जैसी बेहतरीन न्यूरो सर्जरी और मधुमेह इलाज की सुविधा अपने ही जिले में मिलने जा रही है। सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर स्थित “नारायण ब्रेन एंड स्पाइन सेंटर” (के.एल. हॉस्पिटल यूनिट) का भव्य उद्घाटन हुआ, जो न्यूरो और डाइबिटीज से जुड़ी बीमारियों के इलाज में लोगों को बड़ी राहत देगा।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि रहे विख्यात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सचिदानंद मिश्रा और पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम चौधरी, जिन्होंने फीता काटकर इस आधुनिक हॉस्पिटल की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा, “अब सिद्धार्थनगर के मरीजों को न्यूरो संबंधी इलाज के लिए गोरखपुर, दिल्ली या मुंबई की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें अपने जिले में ही विशेषज्ञ और आधुनिक इलाज मिलेगा।”

विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में इलाज

न्यूरो सर्जन डॉ. आशुतोष कुमार शुक्ला और डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. मोनिका पांडेय ने बताया कि हॉस्पिटल में दो मुख्य विभागों न्यूरो सर्जरी और मधुमेह पर अत्याधुनिक और आधुनिक पद्धति से इलाज की सुविधाएं उपलब्ध हैं। डॉ. आशुतोष ने बताया कि यह सेंटर न सिर्फ मरीजों के इलाज का स्थान होगा, बल्कि उन्हें धन और समय की बचत के साथ मानसिक शांति भी देगा, क्योंकि अब इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

यह सुविधाएं होंगी उपलब्ध:

डॉ. आशुतोष शुक्ला के अनुसार, हॉस्पिटल में निम्नलिखित न्यूरो संबंधित बीमारियों का इलाज किया जाएगा।

  • रीढ़ की हड्डी और दिमाग के ट्यूमर
  • मस्तिष्क और रीढ़ की चोट की सर्जरी
  • ब्रेन स्ट्रोक और मिर्गी (सीजर)
  • वैस्कुलर और पेरिफेरल न्यूरोसर्जरी
  • लो बैक पेन और सायटिका पेन
  • मूवमेंट डिसऑर्डर (पार्किंसन डिज़ीज़, हाथ कांपना)
  • मिनिमली इनवेसिव और एंडोस्कोपिक न्यूरोस्पाइन सर्जरी
  • स्कल बेस सर्जरी

डॉ. आशुतोष शुक्ला का अनुभव

डॉ. आशुतोष शुक्ला मूल रूप से बस्ती जिले के निवासी हैं और उन्होंने मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में न्यूरो सर्जन के रूप में सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वे सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में भी न्यूरो सर्जन के रूप में कार्यरत हैं। उनका कहना है कि यह सेंटर उनके अनुभव और जिले की ज़रूरतों का मेल है। डॉ. आशुतोष ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी डॉ. मोनिका पांडेय, जो इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज में डाइबिटीज विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं, हर महीने एक दिन हॉस्पिटल में मरीजों को देखेंगी।

रिपोर्ट- जाकिर खान

 

Also Read: Bahraich: ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने वाले प्रधानों को मिलेगा सरकार से ‘गिफ्ट’, पांच…

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.