सिद्धार्थनगर को मिला नया ANM प्रशिक्षण केंद्र, सांसद पाल ने किया उद्घाटन

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर के स्वास्थ्य क्षेत्र को बुधवार को एक बड़ी सौगात मिली। सीएमओ परिसर में लगभग 2 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से बना भव्य ANM प्रशिक्षण केंद्र अब पूरी तरह से तैयार हो गया है। डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने इसका विधिवत उद्घाटन किया।

इस मौके पर सांसद पाल ने इसे सिर्फ एक भवन का लोकार्पण नहीं, बल्कि जनपद के स्वास्थ्य ढांचे में ऐतिहासिक और मील का पत्थर करार दिया। उन्होंने कहा कि अब जिले की ANM (ऑक्ज़िलरी नर्सिंग मिडवाइफरी) बहनों को प्रशिक्षण के लिए बस्ती मंडल या अन्य जनपदों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी, और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

सांसद ने निभाया वादा, मिला प्रशिक्षण केंद्र

अपने संबोधन में सांसद पाल ने बताया कि जिले में ANM प्रशिक्षण केंद्र की कमी की बात तत्कालीन सीएमओ ने उनसे रखी थी। उस समय केंद्र की जरूरत को महसूस करते हुए उन्होंने नीति आयोग की योजना के तहत लगभग 2 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करवाई।

इस निर्माण कार्य को उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ, सिद्धार्थनगर इकाई द्वारा पूरा किया गया। भवन के तैयार होने के बाद इसका लोकार्पण खुद सांसद पाल के हाथों हुआ।

CMO और CDO ने जताया आभार

कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया ने भी प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण को स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अब तक जनपद में एक भी ANM ट्रेनिंग फैसिलिटी नहीं थी। उन्होंने मांग की कि केंद्र में एसी और अन्य सुविधाएं भी जल्द मुहैया कराई जाएं।

वहीं, सीडीओ बलराम सिंह ने कहा कि यह केंद्र सिद्धार्थनगर की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि ANM हेल्थ सेक्टर की रीढ़ होती हैं, ऐसे में प्रशिक्षण की गुणवत्ता और निरंतरता बनाए रखना जरूरी है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने किया सराहना

कार्यक्रम में मौजूद बढ़नी नगर पालिका अध्यक्ष सुनील अग्रहरि और सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने भी सांसद की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सांसद पाल ने न सिर्फ वादा निभाया, बल्कि जिले के विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।

स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों में खुशी की लहर

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, ANM प्रशिक्षु और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने केंद्र की शुरुआत को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया और सांसद का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: जाकिर खान।

 

Also Read: Lucknow: बैंक लॉकर लूट कांड में पीड़ितों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद, थाने में जेवरों के एल्बम लेकर पहुंचे लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.