सिद्धार्थनगर: 33वें बेसिक बाल क्रीड़ा एवं शैक्षिक समारोह का भव्य आगाज़, सांसद जगदम्बिका पाल ने कही ये बात

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर के जिला खेल स्टेडियम में 33वें बेसिक बाल क्रीड़ा एवं शैक्षिक समारोह का भव्य उद्घाटन डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल द्वारा किया गया। सांसद पाल ने दीप प्रज्वलित कर और माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर गुब्बारे भी छोड़े गए।

भव्य उद्घाटन और परेड

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने बुके भेंट कर जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। कंपोजिट विद्यालय, करही खास, तथा पीएमश्री विद्यालय परसा खुर्द की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। छात्र जय, विशाल, मोहिनी और रेशमी ने मशाल लेकर स्टेडियम की परिक्रमा की, जिसे सांसद ने प्रज्वलित किया। विभिन्न तहसीलों की टीमों और स्काउट गाइड ने परेड की, जिसकी सलामी मुख्य अतिथि ने ली। सभी प्रतिभागियों को क्रीड़ा की शपथ दिलाई गई।

सांसद का प्रेरणादायक संदेश

सांसद जगदम्बिका पाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन और सफलता के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि सरकार बच्चों के खेल के प्रति संवेदनशील है और सभी ग्राम पंचायतों में खेल मैदान का निर्माण हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहाँ खेलने वाले बच्चे जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। सांसद पाल ने प्रधानमंत्री की किसान सम्मान निधि योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सीधे डीबीटी के माध्यम से धनराशि प्रेषित कर रही है।

आभार प्रदर्शन

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि आज प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे भी खेल के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगे। अंत में, अतिथियों को स्मृति चिन्ह (बुद्ध प्रतिमा) और अंग वस्त्र भेंट किए गए। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, शैक्षिक संघ के पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में बच्चे एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: सिद्धार्थनगर: 6 दिवसीय वार्षिक मेले का उद्घाटन, विधायक श्यामधनी राही ने किया फीता काटकर शुभारंभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.