सिद्धार्थनगर: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश; पिकअप के साथ दो शातिर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद की इटवा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से चोरी की गई महिंद्रा पिकअप का नंबर प्लेट बदलकर उसे बेचने के लिए नेपाल ले जा रहे थे।

पटना तिराहे पर हुई घेराबंदी

क्षेत्राधिकारी (CO) इटवा, पवीन प्रकाश के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। बीती रात पुलिस टीम पटना तिराहे पर गश्त और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक महिंद्रा पिकअप (UP17 BT 4758) को संदिग्ध जानकर रोका गया। कड़ाई से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में पता चला कि वाहन पर लगा नंबर फर्जी है। वाहन का वास्तविक नंबर DL 1L AH 2944 है। अभियुक्तों ने कबूल किया कि उन्होंने यह पिकअप तीन महीने पहले दिल्ली से चोरी की थी और पकड़े जाने से बचने के लिए उस पर यूपी का फर्जी नंबर प्लेट लगा दिया था।

नेपाल में बेचने की थी योजना

पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे इस चोरी के वाहन को बेचने के इरादे से सीमा पार नेपाल राष्ट्र ले जा रहे थे। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर दोनों अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए सारुख अहमद पुत्र मसूद चौधरी (निवासी: बेलहसा, इटवा) औॅर उस्मान पुत्र असगर (निवासी: बेलहसा, इटवा) दोनों आरोपी सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।

थाना इटवा में अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317, 318 और 339 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं- 240/2025) पंजीकृत किया गया है। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी का बड़ा एक्शन, डीपीओ का वेतन रोका, बीएमएम को हटाने का आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.