Siddharthnagar News: ककरहवा बॉर्डर पर नेपाल का कालीदह कस्टम ऑफिस हुआ हाईटेक, भारतीय वाहनों को मिलेगी तुरंत एंट्री
Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ककरहवा बॉर्डर के उस पार, नेपाल के कालीदह भंसार (सीमा शुल्क) कार्यालय को गुरुवार से पूरी तरह कंप्यूटरीकृत कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था का औपचारिक उद्घाटन रुपनदेही के जिलाधिकारी माधव प्रसाद पोखरेल ने किया। इस बदलाव के बाद अब बॉर्डर पर भारतीय वाहनों की जांच और एंट्री की प्रक्रिया काफी तेज और पारदर्शी हो जाएगी।
जिलाधिकारी माधव प्रसाद पोखरेल ने बताया कि इस डिजिटल पहल का सबसे बड़ा फायदा उन भारतीय पर्यटकों और यात्रियों को होगा जो अपनी गाड़ियों से नेपाल जाते हैं। भारतीय दोपहिया और चार पहिया वाहनों का डेटा अब हाथों-हाथ ऑनलाइन सिस्टम में दर्ज होगा। मैनुअल (कागजी) काम बंद होने से भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म होगी और काम में पारदर्शिता आएगी। अब वाहनों की लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना होगा, क्योंकि सत्यापन और निगरानी की प्रक्रिया डिजिटल हो गई है।

फिलहाल सिर्फ वाहनों के लिए है यह सुविधा
भंसार विभाग के मुख्य निरीक्षक गोपाल खनाल ने स्पष्ट किया कि हालांकि ऑफिस हाईटेक हो गया है, लेकिन फिलहाल इसका उपयोग मुख्य रूप से वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने के लिए किया जाएगा। आयात-निर्यात (कमर्शियल ट्रेड) की पूरी प्रक्रिया अभी इस डिजिटल सिस्टम के जरिए शुरू नहीं की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
ALso Read: UP स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी, बीमारू की पहचान छोड़ अब देश का ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश

