Siddharthnagar News: योगमाया मंदिर मार्ग का होगा कायाकल्प, 6.30 करोड़ की लागत से सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण शुरू
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में विकास कार्यों को रफ्तार देते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को हरी झंडी दे दी है। कपिलवस्तु विधानसभा के जोगिया ब्लॉक में ‘पकड़ी उदयपुर जोगिया से योगमाया मंदिर’ तक जाने वाले संपर्क मार्ग को अब नया रूप दिया जाएगा।
करोड़ों का बजट और पहली किस्त जारी
कपिलवस्तु सदर विधायक श्यामधनी राही ने मंगलवार को इस परियोजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लगभग 1.6 किलोमीटर (1600 मीटर) लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 6 करोड़ 30 लाख 49 हजार रुपये की स्वीकृति मिल गई है। राहत की बात यह है कि सरकार ने काम शुरू करने के लिए 1 करोड़ 89 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी (अवमुक्त) कर दी है।
विधायक श्यामधनी राही ने इस परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या खत्म होगी और सफर आसान हो जाएगा। योगमाया मंदिर एक प्रमुख आस्था का केंद्र है। सड़क बेहतर होने से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। बेहतर सड़क बुनियादी ढांचे से स्थानीय व्यापारियों और किसानों को अपना माल लाने-ले जाने में आसानी होगी।

मुख्यमंत्री का जताया आभार
इस जनहितकारी निर्णय के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कपिलवस्तु की जनता की ओर से वह मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हैं, क्योंकि प्रदेश सरकार निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना (Infrastructure) को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सड़क न केवल सुरक्षा में सुधार करेगी बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: गुजरात: रंगदारी मामले में AAP यूथ विंग के जनरल सेक्रेटरी गिरफ्तार, वसूली का आरोप

