सिद्धार्थनगर: लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी कांड का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार; 20,000 का पुरस्कार घोषित
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद सिद्धार्थनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो माह पूर्व हुई चोरी की एक सनसनीखेज घटना का पर्दाफाश कर दिया है। जनपदीय एसओजी/सर्विलांस और थाना इटवा पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी हुई लाइसेंसी रिवॉल्वर और अन्य सामान के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण और बरामदगी
पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 9/10 अगस्त 2025 की रात्रि में राहुल कुमार पाठक, निवासी सहदेईया, थाना इटवा के घर भीषण चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात व्यक्तियों ने घर के पीछे से छत के रास्ते घुसकर अलमारी, बक्सा और अटैची के ताले तोड़ दिए थे।

चोरी गए सामानों में शामिल थे:
- एक अदद लाइसेंसी रिवाल्वर (नम्बर P8959, शस्त्र अनुज्ञप्ति संख्या 354, थाना इटवा)
- 6 अदद खोखा कारतूस 32 बोर
- दो अदद एंड्राएड मोबाइल फोन
- नकद ₹700
अभियुक्त की गिरफ्तारी
इस संबंध में थाना इटवा पर दिनांक 10 अगस्त 2025 को मुअसं 146/2025 धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना के अनावरण के लिए एसपी के आदेश पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए अभियुक्त शिवराम यादव पुत्र नामी यादव, निवासी पिपरा पाण्डेय, थाना इटवा को 17 अक्टूबर 2025 को करहिया पुल के पास, रमवापुर जाने वाली सड़क से समय करीब 7:40 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर अभियुक्त शिवराम यादव को मुअसं 146/2025 में धारा 331(4), 305(A), 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय भेजा गया है। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने घटना का सफल अनावरण करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को ₹20,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी इटवा सुबेन्दु सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में की गई।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: बिहार चुनाव: NDA गठबंधन को झटका, एक्ट्रेस सीमा सिंह का नामांकन रद्द

