Siddharthnagar News: होली और रमजान से पहले एक हुए 7 विवादित जोड़े, महिला थाने में बंटी मिठाई

Siddharthnagar News: कहते हैं कि अगर नीयत साफ हो और समझाने का तरीका सही, तो बड़े से बड़े विवाद सुलझ सकते हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है सिद्धार्थनगर जनपद के महिला थाना ‘मिशन शक्ति केंद्र’ ने। रविवार को यहाँ सात ऐसे जोड़े, जो मनमुटाव के कारण अलग रह रहे थे, अपने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे का हाथ थामकर खुशी-खुशी घर लौट गए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के मार्गदर्शन और महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के नेतृत्व में इन जोड़ों की ‘प्यार भरी काउंसलिंग’ की गई। पुलिस टीम ने पति-पत्नी दोनों पक्षों को अलग-अलग बुलाकर उनकी बातें सुनीं। उन्हें गुस्से के बजाय परिवार और बच्चों के भविष्य की अहमियत समझाई गई। पुलिस की इस मानवीय पहल का असर यह हुआ कि सात जोड़ों ने आपसी मनमुटाव को खत्म कर साथ रहने का फैसला कर लिया।

इन परिवारों के आंगन में फिर लौटी खुशियाँ

बिखरने से बचाए गए इन परिवारों में सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़, शिवनगर डीडई, मोहाना, खेसरहा, उसका बाजार और पड़ोसी जनपद बस्ती के थाना सोनहा क्षेत्र के जोड़े शामिल थे। साथ विदा होने वाले प्रमुख जोड़े-

मदीना और गुलाम हुसैन (शोहरतगढ़)

सकीना और बहाव (सिद्धार्थनगर)

खुशबू और सरयू (शिवनगर डीडई)

राजकुमारी और सूर्य प्रकाश (बस्ती)

अंजनी और अशोक (मोहाना)

किरण और विजय (खेसरहा)

हसीना और अमीर शाह (उसका बाजार)

जैसे ही जोड़ों ने साथ रहने की सहमति दी, थाना परिसर का माहौल ही बदल गया। पुलिसकर्मियों ने जोड़ों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उन्हें सुखद भविष्य की शुभकामनाएं देकर विदा किया। इस नेक काम में प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय के साथ उपनिरीक्षक रामनारायण शुक्ला और महिला आरक्षी आशा गौड़, रीना रावत, प्रियंबदा सिंह, शिवानी सिंह, प्रगति राय और संगीता की टीम का विशेष योगदान रहा।

रिपोर्ट: जाकिर खान

Also Read: Moradabad News: पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.