Siddharthnagar News: केजी बांध पर मरम्मत कार्य से टला बड़ा हादसा, ग्रामीणों ने की प्रशासन की तारीफ

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के नौगढ़ तहसील के विकास खंड लोटन में स्थित केजी बाँध पर एक बड़ा हादसा टल गया है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण देवपुर मस्जिदिया गाँव के पास बांध में एक बड़ा रेनकट और गड्ढा हो गया था, जिससे कई गाँवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा था। लेकिन ड्रेनेज खंड के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस रेनकट की मरम्मत करा दी, जिससे ग्रामीणों ने राहत की साँस ली है।

स्कूली बसें और राहगीर हो सकते थे दुर्घटना का शिकार

यह रेनकट रात में हुआ था, लेकिन दिन में जब ग्रामीणों की नज़र इस पर पड़ी, तो वे घबरा गए। इस बाँध से होकर लगभग एक दर्जन गाँवों के लोग आते-जाते हैं, जिसमें स्कूली बसें भी शामिल हैं। अगर समय रहते इसकी मरम्मत नहीं होती, तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था और स्कूली बसें लगभग 30 फीट गहरी खाई में गिर सकती थीं।

अधिकारियों ने तुरंत लिया संज्ञान

ग्रामीणों ने तुरंत ड्रेनेज खंड के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही अधिशासी अभियंता कृपा शंकर भारती, सहायक अभियंता रवि रंजन, और अवर अभियंता राधेश्याम भारती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और तुरंत मरम्मत का काम शुरू करवाया। इस त्वरित कार्रवाई से देवपुर मस्जिदिया, दहला, और अन्य गाँवों के लोगों ने प्रशासन की जमकर तारीफ की है।

‘तटबंधों की हिफाजत हमारी पहली प्राथमिकता’

‘संदेश वाहक’ से खास बात में अधिशासी अभियंता कृपा शंकर भारती ने बताया कि सिद्धार्थनगर की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यहाँ हर साल बाढ़ आती है। उन्होंने कहा, “तटबंधों की मरम्मत और हिफाजत हमारी पहली प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने यह भी बताया कि इस साल भी बाढ़ की आशंका है, इसलिए सभी टीमें पूरी तैयारी में जुटी हैं।

केजी (KG) बांध क्या है?

केजी बाँध का निर्माण पहली पंचवर्षीय योजना के तहत किया गया था। यह 48 किलोमीटर लंबा है और इसमें 18 रेगुलेटर हैं। इसका नाम दो नदियों – कूड़ा (K) और घोघी (G) के नाम पर रखा गया है, जिनके संयोजन से यह बाँध बनाया गया था। यह बाँध लगभग 54 ग्राम पंचायतों के लिए जीवन रेखा है और उन्हें बाढ़ से बचाता है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Balrampur News: सरयू नहर में दिखी विलुप्तप्राय गंगा डॉल्फिन, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.