सिद्धार्थनगर: माधवपुर मत्स्य मंडी हादसे में बड़ा एक्शन, तीन इंजीनियरों पर गिरी गाज

Siddharthnagar News: विकासखंड बढ़नी स्थित माधवपुर में निर्माणाधीन मत्स्य मंडी में गेट की शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत और चार मजदूरों के घायल होने के मामले में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सख्त कार्रवाई की है।

जांच में निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति शासन को भेज दी गई है।

परियोजना मंडी समिति शोहरतगढ़ के अंतर्गत माधवपुर में लगभग 1.41 करोड़ रुपये की लागत से 530 मीटर चहारदीवारी, मुख्य गेट, गेट पिलर, चेक पोस्ट और छोटे गेट का निर्माण कार्य राजकीय कृषि उत्पादन मंडी परिषद (निर्माण) बस्ती द्वारा कराया जा रहा है। 3 जून 2026 को गेट निर्माण के दौरान शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गए थे।

घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ की अध्यक्षता में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) तथा खंड विकास अधिकारी बढ़नी की संयुक्त जांच समिति गठित की थी।

जांच में सामने आई लापरवाही

सिद्धार्थनगर: माधवपुर मत्स्य मंडी हादसे में बड़ा एक्शन, तीन इंजीनियरों पर गिरी गाज

जांच में पाया गया कि करीब 20 फीट ऊंचे और 18 फीट चौड़े गेट के निर्माण में लोहे के प्रॉप्स के बजाय बांस का प्रयोग किया गया था। साथ ही गेट के नीचे की मिट्टी की उचित भराई और कंपैक्शन नहीं कराया गया था, जिससे शटरिंग का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गई।

जांच समिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं पर्यवेक्षण में गंभीर शिथिलता की पुष्टि की। समिति ने यह भी पाया कि निर्माणाधीन गेट से लगभग दो फीट की दूरी पर हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है, जिससे भविष्य में भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

डीएम ने भेजी कार्रवाई की संस्तुति

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने जांच रिपोर्ट के आधार पर अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं उपनिदेशक, मंडी परिषद (निर्माण) बस्ती के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति निदेशक मंडी परिषद और शासन को भेज दी है।

जिलाधिकारी की इस कार्रवाई को निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

Also Read: Siddharthnagar News: 30 टन गेहूं गबन कर फरार ट्रक ड्राइवर और खलासी गिरफ्तार, माल और कैश बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.