सिद्धार्थनगर: परीक्षा के बीच बुद्ध विद्यापीठ में प्रबंधक और प्राचार्य भिड़े, कॉलेज परिसर में तनाव
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद के प्रतिष्ठित बुद्ध विद्यापीठ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा के दौरान निवर्तमान प्रबंधक और प्राचार्य के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने सदर थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है।
गलियारे में हुआ विवाद, परीक्षा पर संकट
घटना दोपहर करीब 12 बजे की है जब कॉलेज में विश्वविद्यालय की परीक्षाएं चल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज के गलियारे में प्राचार्य और निवर्तमान प्रबंधक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद परीक्षा में व्यवधान न आए, इसलिए परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

सरकारी कार्य में डाली बाधा
प्राचार्य प्रो. अभय कुमार श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि निवर्तमान प्रबंधक राजेश चंद्र शर्मा ने परिसर में आकर सरकारी कार्य में बाधा डाली। उन्होंने बताया कि आरटीआई से जुड़े एक जवाब को लेकर प्रबंधक नाराज थे और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। प्राचार्य का दावा है कि उन्हें “बाहरी व्यक्ति” कहकर अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
भ्रष्टाचार और अनियमितता का है मामला
वहीं, निवर्तमान प्रबंधक राजेश चंद्र शर्मा ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि कॉलेज में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी द्वारा कॉलेज को दिए गए धन के उपयोग का ब्यौरा मांगा था, जिससे नाराज होकर प्राचार्य ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें कॉलेज आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस की कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत शौर्य और थानाध्यक्ष सिद्धार्थनगर दुर्गा प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कॉलेज में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट : जाकिर खान
Also Read: लखनऊ: बंद घरों में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान और नकदी बरामद

