सिद्धार्थनगर: 22 फरवरी को सजेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, जरूरतमंदों को एक ही छत के नीचे मिलेंगे सरकारी लाभ

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 22 फरवरी 2026 को सिद्धार्थनगर सहित प्रदेश के सभी जनपदों में एक विशाल ‘मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।

विभागीय समन्वय बैठक में बनी रणनीति

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर के सचिव अरुण कुमार-चतुर्थ ने इस वृहद आयोजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांग बच्चों, महिलाओं, निर्धन व्यक्तियों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें सीधे लाभान्वित करना है।

इन योजनाओं पर रहेगा विशेष ध्यान

सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग की लक्षित योजनाओं के लाभार्थियों को चिन्हित करें ताकि शिविर के दौरान उन्हें प्रमाण पत्र और अन्य लाभ वितरित किए जा सकें। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से आए डॉ. शेषभान गौतम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांगों के चिन्हांकन के लिए विशेष टीम और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा शिविर में मौजूद रहेगी। बैठक में वन विभाग, पंचायत राज, विद्युत, सूचना और पूर्ति विभाग के जिम्मेदारों ने भी अपनी सहभागिता और सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रमुख उपस्थिति

बैठक में उपप्रभागीय वनाधिकारी बीना तिवारी, सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी नित्यानन्द, अपर जिला सूचना अधिकारी विमलेश कुमार, अधिशाषी अभियंता ज्ञान प्रकाश और पूर्ति निरीक्षक विन्ध्यवासिनी श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट :जाकिर खान

 

 

Also Read: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे: इस दिन से शुरू होगा सफर, 35 मिनट में तय होगी दूरी, जानें कितनी होगी स्पीड लिमिट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.