Siddharthnagar News: यूरिया खाद के भ्रष्टाचार पर मंत्री का चाबुक, टॉप 20 खरीदारों की होगी जांच
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जनपद सिद्धार्थनगर में यूरिया खाद के दुरुपयोग पर सख्त नाराजगी व्यक्त की है। सोमवार, 18 अगस्त, 2025 को जनपद मुख्यालय के रेस्ट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि जोत से अधिक यूरिया खाद लेने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उन शीर्ष 20 लोगों की सूची तैयार करें, जिनकी जोत और खाद खरीद में भारी अंतर पाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर खाद के दुरुपयोग पर अंकुश लगाया जाएगा, ताकि भविष्य में जनपद में खाद की किल्लत न हो।

यूरिया की खपत में हुई भारी बढ़ोतरी
मंत्री शाही ने आंकड़ों का जिक्र करते हुए बताया कि जनपद सिद्धार्थनगर में इस वर्ष 15 अगस्त, 2025 तक 43,403 मीट्रिक टन यूरिया की खपत हुई है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में लगभग 10,000 मीट्रिक टन अधिक है। उन्होंने बताया कि जून के महीने में 1 टन से अधिक यूरिया खरीदने वालों की संख्या 115 थी। वहीं जुलाई में 10 क्विंटल से अधिक यूरिया खरीदने वाले लगभग 467 लोग थे, जिनमें से कुछ ने 4 से 14 बार तक अलग-अलग दुकानों से खाद खरीदी।

उन्होंने 16 अगस्त, 2025 तक की यूरिया उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि को-ऑपरेटिव सेक्टर के पास 1519 मीट्रिक टन और प्राइवेट सेक्टर में 3684 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध थी।
मंत्री ने नौगढ़ तहसील के कई खाद भंडारों और सहकारी समितियों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक और वितरण रजिस्टरों की जांच की और फोन पर कुछ किसानों से बातचीत भी की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। इस दौरान विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
Also Read: UP Politics: पूजा पाल प्रकरण के बाद दो डिप्टी सीएम की अचानक मुलाकात, वायरल फोटो ने…

