Siddharthnagar News: पुलिस और आबकारी टीम ने 4 क्विंटल महुआ लहन किया नष्ट
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई की। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में दबिश देकर टीम ने भारी मात्रा में महुआ लहन (कच्ची शराब बनाने का मिश्रण) को नष्ट किया। मिश्रौलिया थाना अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर, अपराध और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी इटवा के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक मिश्रौलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के सोनौली नानकार के टोला भरवडीह और सिकरीहीह के जंगल (बाग) में दबिश दी।
दबिश के दौरान टीम ने 400 किलोग्राम महुआ लहन बरामद कर मौके पर ही नदी के किनारे नष्ट कर दिया। 5 लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई। थाना अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री और निष्कर्षण को रोकना है, जिससे आमजन को जहरीली शराब के खतरों से बचाया जा सके। इस संयुक्त टीम में बस्ती जनपद के आबकारी निरीक्षक मो. गफ्फार खाँ और सूर्यभान राव भी अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: 3 दिग्गज कंपनियां भारत में करेंगी इतने अरब डॉलर का निवेश, बनेंगे लाखों नौकरियों के अवसर

