सिद्धार्थनगर सांसद खेल महोत्सव: खिलाड़ियों के उत्साह से गुलजार हुआ मैदान, DIG संजीव त्यागी ने बढ़ाया हौसला
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद में आयोजित चार दिवसीय ‘सांसद खेल महोत्सव’ के तीसरे दिन खेल और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सांसद जगदंबिका पाल की अध्यक्षता में चल रहे इस जिला स्तरीय आयोजन के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में बस्ती मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) संजीव त्यागी उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर और मार्च पास्ट की सलामी लेकर दिन के खेल आयोजनों का विधिवत शुभारंभ किया।

खेलों से निखरती है ग्रामीण प्रतिभा
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए DIG संजीव त्यागी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से जिले के युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल न केवल अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं, बल्कि ये ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। इस महोत्सव में जनपद के विभिन्न कोनों से आए लगभग 1800 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक छटा भी बिखरी। प्राइमरी विद्यालय बुड़ा और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, उसका बाजार की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के संयोजक अरुण कुमार प्रजापति ने अतिथियों का स्वागत किया।
तीसरे दिन के परिणाम: कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल में कड़ा मुकाबला
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में हुए मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे।
कबड्डी (सब-जूनियर बालिका): यूपीएस कुड़ी डुमरियागंज ने जीत दर्ज की, जबकि कस्तूरबा गांधी विद्यालय बांसी उपविजेता रही।
कबड्डी (जूनियर बालक): पानी संस्थान की टीम विजेता और सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज नौगढ़ उपविजेता रही।
वॉलीबॉल (सब-जूनियर बालिका): राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसौनी ने खिताब जीता।
फुटबॉल (सीनियर वर्ग): रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स फुटबॉल क्लब स्टेडियम ने बांसी की टीम को हराकर जीत हासिल की।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लाल बाबा त्रिपाठी, अभिषेक पाल, वरिष्ठ सदस्य पूजा पाल, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरुण प्रकाश सिंह सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। युवा कल्याण विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्ट : जाकिर खान


