Siddharthnagar News: लिव-इन में रह रही महिला मजदूर की हत्या का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में 4 अगस्त को निर्माणाधीन पुस्तकालय से बरामद हुई अज्ञात महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान बिहार की रहने वाली नींबू कुमारी के रूप में हुई है, जो आरोपी शिवबालक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

हत्या की वजह बना अवैध संबंधों पर शक और गर्भावस्था

पूछताछ में आरोपी शिवबालक ने बताया कि वह मृतका को मजदूरी के बहाने बिहार से सिद्धार्थनगर लाया था और पत्नी के रूप में उसके साथ रह रहा था। इसी दौरान नींबू कुमारी गर्भवती हो गई, लेकिन शिवबालक बच्चे को अपना नहीं मानता था। उसे शक था कि महिला के किसी और से भी संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और शिवबालक ने गर्भपात के लिए दबाव बनाना शुरू किया।

महिला के इनकार के बाद शिवबालक ने निर्माणाधीन पुस्तकालय में रखा सीमेंट का चक्का उठाकर उसके सिर और जबड़े पर हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को उसी स्थान पर मिट्टी में गाड़ दिया गया और अगले दिन आरोपी बिहार फरार हो गया।

भाई की शिकायत पर केस दर्ज, शव की हुई पहचान

मृतका के भाई बृजविहारी ने थाना शोहरतगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन और आरोपी एक साथ मजदूरी का कार्य करते थे। उसे आशंका थी कि शिवबालक ने ही हत्या कर शव को छिपाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी से पूछताछ में कई अहम खुलासे

एसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी प्रवीण प्रकाश की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी व एसओजी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सीमेंट का चक्का भी बरामद कर लिया गया।

रिपोर्ट- जाकिर खान 

 

Also Read: Siddharthnagar News: एचआरपी रजिस्टर अधूरा मिलने पर भड़के डीएम, सीएचओ और ANM को लगाई फटकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.