Siddharthnagar News: 14 मार्च को लगेगी ‘राष्ट्रीय लोक अदालत’, मोटर दुर्घटना के दावों का मौके पर होगा निपटारा
सिद्धार्थनगर। जनपद में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नई दिल्ली) और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (लखनऊ) के निर्देश पर आगामी 14 मार्च को ‘राष्ट्रीय लोक अदालत’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरविन्द राय की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक बुलाई गई।
प्री-ट्रायल बैठकों से सुलझेगी उलझन
बैठक के दौरान पीठासीन अधिकारी अरविन्द राय और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरुण कुमार (चतुर्थ) ने संयुक्त रूप से बताया कि लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक मामलों के निपटारे के लिए ‘प्री-ट्रायल’ बैठकों का सहारा लिया जा रहा है। इन बैठकों में विवादित बिंदुओं, बीमा कंपनियों के दायित्वों और जरूरी दस्तावेजों पर पहले ही चर्चा की जा रही है, ताकि लोक अदालत के दिन फैसला लेने में आसानी हो।

पक्षकारों और बीमा कंपनियों से खास अपील
अरविन्द राय ने विद्वान अधिवक्ताओं और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे उन सभी मामलों की सूची तैयार करें जिनमें आपसी सहमति से समझौता होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है, जिससे लोगों को अदालतों के लंबे चक्करों से मुक्ति मिल सके।
इनकी रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में सचिव अरुण कुमार, सरफराज मलिक, प्रभाकर गुप्ता, इजहार अहमद खान, श्रवण कुमार त्रिपाठी, अजय यादव समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ता और अधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में 14 मार्च को होने वाली लोक अदालत को सफल बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: मध्य प्रदेश में छिपा बैठा 50,000 का इनामी तस्कर गिरफ्तार, गोंडा पुलिस को थी लंबे समय से तलाश

