Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 54 कर्मचारियों की नियुक्ति, बैंकिंग सेवाओं को मिलेगी रफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक (यूपीजीबी) के क्षेत्रीय कार्यालय नौगढ़, सिद्धार्थनगर में आज (सोमवार) को 54 नवनियुक्त कर्मचारियों की ज्वाइनिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
यह प्रक्रिया क्षेत्रीय प्रबंधक निश्चल कुमार की देखरेख में तथा उपक्षेत्रीय प्रबंधक मनीष पांडे समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक निश्चल कुमार ने बताया कि जनपद सिद्धार्थनगर में यूपीजीबी की कुल 59 शाखाएं संचालित हैं।
लंबे समय से कई शाखाओं में स्टाफ की कमी के कारण कार्यभार बढ़ा हुआ था, जिससे ग्राहकों को सेवाएं देने में कठिनाइयां आ रही थीं। नई नियुक्तियों के बाद बैंक की सेवाएं अधिक सुचारु, तेज और प्रभावी होंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि नियुक्त किए गए 54 कर्मचारियों में 33 कैशियर और 21 प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) शामिल हैं। इनमें 50 पुरुष और 4 महिलाएं हैं।

सभी अभ्यर्थियों का चयन आईबीपीएस परीक्षा के माध्यम से हुआ है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें नियुक्ति दी गई है। ज्वाइनिंग के उपरांत सभी कर्मचारी अपनी-अपनी मूल शाखाओं में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
उपक्षेत्रीय प्रबंधक मनीष पांडे ने कहा कि नए कर्मचारियों के आने से शाखाओं के दैनिक कार्यों में गति आएगी और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
ज्वाइनिंग प्रक्रिया के दौरान बस्ती निवासी पीओ शुभम शुक्ला, लखनऊ से आए अभ्यर्थियों के अभिभावक अजीत वर्मा और शीला यादव सहित गोरखपुर, नोएडा, दिल्ली व अन्य जनपदों से पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ बैंक की प्रगति और ग्राहकों की बेहतर सेवा के लिए कार्य करेंगे।

