Siddharthnagar News: मामूली कहासुनी के बाद फावड़े से काटकर युवक की हत्या, इलाके में सनसनी
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के पथरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम कॉपियां बुजुर्ग में रविवार को हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मामूली विवाद के चलते 17 वर्षीय युवक अमरनाथ उर्फ सनी चौहान की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरनाथ उर्फ सनी चौहान, पुत्र मनीराम चौहान, मूल रूप से थाना पथरा क्षेत्र के ग्राम कॉपियां बुजुर्ग का निवासी था। वह रविवार को अपने नाना के घर ग्राम रामभारी (थाना गोलौरा) से अकेले बाइक से अपने घर लौट रहा था। जब वह अपने गांव कॉपियां बुजुर्ग पहुंचा, उसी दौरान वहां के निवासी अभिषेक त्रिपाठी और आशुतोष त्रिपाठी खेत में सिंचाई के लिए पंप सेट से पानी दे रहे थे, और पाइप सड़क तक बिछी हुई थी।
बताया जा रहा है कि अमरनाथ की बाइक पाइप पर चढ़ गई, जिससे नाराज होकर दोनों भाइयों ने पहले उससे कहासुनी की, और फिर गुस्से में आकर फावड़े से उस पर हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि अमरनाथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार
हमले के बाद दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने युवक को खून से लथपथ देखा और तुरंत इसकी सूचना मृतक के नाना मनीराम को दी, जिन्होंने फिर यह जानकारी थाना पथरा को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भगवती पांडे अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे, जहां युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ डुमरियागंज का बयान
सीओ डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा ने घटना को लेकर वीडियो बयान में कहा यह एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है। घटना स्थल की जांच की जा चुकी है। दोनों आरोपी भाइयों अभिषेक और आशुतोष त्रिपाठी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है, और पूछताछ जारी है। मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। एक मामूली विवाद में किसी किशोर की जान जाना, लोगों को झकझोर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है।
रिपोर्ट : जाकिर खान।
Also Read: ‘बिहार आओ, पटक कर मारेंगे’, महाराष्ट्र भाषा विवाद में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की धमकी

