Siddharthnagar News: 17 से 19 जुलाई तक जिलेभर में लगेगा बिल सुधार मेगा कैंप
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले में बिजली उपभोक्ताओं की परेशानियों को कम करने और गलत बिलों को सही करने के मकसद से जिलेभर में 17, 18 और 19 जुलाई को बिल रिवीजन मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री की मंशा के अनुरूप यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को सही और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था मिल सके।

हर खंड में लगेगा कैंप, मौके पर मौजूद रहेंगे अधिकारी
- अभियंता अजय कुमार ने बताया कि इस तीन दिवसीय अभियान के तहत जिले के हर विद्युत वितरण खंड में कैंप लगाया जाएगा।
- इन कैंपों में उपभोक्ता गलत बिजली बिल, खराब मीटर, लोड बढ़ाने, विधा परिवर्तन, नए कनेक्शन, बिल भुगतान संबंधी समस्याएं और अन्य बिजली से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।
- हर कैंप में अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी, और सहायक अभियंता मीटर अपने पूरे स्टाफ के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि मौके पर ही समाधान किया जा सके।
शिकायतों का होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
- हर शिकायत का 1912 हेल्पडेस्क पर पंजीकरण अनिवार्य रूप से किया जाएगा और आवेदनकर्ता की जानकारी भी सही-सही दर्ज की जाएगी।
- बिल संशोधन का कार्य एक हफ्ते के भीतर पूरा कर लिया जाएगा और एक संशोधित बिल मेमो स्वतः जनरेट होकर उपभोक्ता के ऑनलाइन अकाउंट में उपलब्ध होगा।
कैंप का समय
हर दिन कैंप का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। उपभोक्ताओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
बिल सुधार अभियान को सफल बनाने के लिए इसका प्रचार-प्रसार स्थानीय समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, जनप्रतिनिधियों से संवाद, मुनादी और जनसंपर्क माध्यमों से किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ ले सकें।
सिस्टम में आई पारदर्शिता
बिजली विभाग ने बताया कि गलत बिलिंग रोकने के लिए नई बिलिंग एजेंसियां नियुक्त की गई हैं और मीटर रीडिंग की व्यवस्था भी डिजिटल की जा रही है, ताकि मानवीय त्रुटियों से बचा जा सके। फिर भी, उपभोक्ताओं और जनप्रतिनिधियों की लगातार मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया गया है।
कौन हैं जिम्मेदार अधिकारी?
अधिशासी अभियंता को पूरे कैंप की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उच्च अधिकारी और अधिशासी अभियंता परीक्षण खुद कैंपों का निरीक्षण करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि हर उपभोक्ता की समस्या का समय पर समाधान हो। यह अभियान सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उपभोक्ता संतुष्टि की दिशा में एक ठोस कदम है। विद्युत विभाग उम्मीद कर रहा है कि इस पहल से उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ेगा और बिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।
रिपोर्ट: जाकिर खान।
Also Read: CBI अधिकारी बनकर रिटायर्ड वैज्ञानिक से 1.29 करोड़ की ठगी, लखनऊ से दो शातिर गिरफ्तार

