Siddharthnagar News: मनरेगा मजदूरी और मानदेय भुगतान को लेकर कांग्रेस ने घेरा विकास भवन

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में मनरेगा मजदूरों की बकाया मजदूरी और ग्राम रोजगार सेवकों सहित अन्य संविदा कर्मियों के लंबित मानदेय के भुगतान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विकास भवन का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई।

ज्ञापन सौंपकर भुगतान की उठाई मांग

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी को संबोधित ज्ञापन जिला विकास अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में मनरेगा श्रमिकों की लंबे समय से लंबित मजदूरी के भुगतान के साथ ही ग्राम रोजगार सेवकों और अन्य कर्मियों के बकाया मानदेय को जल्द से जल्द जारी करने की मांग की गई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने बताया कि मनरेगा के तहत कार्य करने वाले मजदूरों की मजदूरी लंबे समय से लंबित है, जिससे गरीब परिवारों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मियों को भी कई महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिसके चलते उनकी स्थिति बेहद दयनीय हो गई है।

Siddharthnagar News: मनरेगा मजदूरी और मानदेय भुगतान को लेकर कांग्रेस ने घेरा विकास भवन

कांग्रेस ने प्रशासन को दी चेतावनी

क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि मनरेगा मजदूरों का हक मारना गरीबों के साथ अन्याय है और सरकार व प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर बकाया भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।

जिला उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह, सादिक अहमद, रंजना मिश्रा और सतीश चन्द्र त्रिपाठी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मजदूरों और कर्मचारियों का भुगतान समय से नहीं किया गया तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को तेज करेगी। उन्होंने प्रशासन को 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की, अन्यथा उग्र आंदोलन की बात कही।

Siddharthnagar News: मनरेगा मजदूरी और मानदेय भुगतान को लेकर कांग्रेस ने घेरा विकास भवन

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान रियाज़ मनिहार, राजन श्रीवास्तव, ओमप्रकाश दूबे, सुदामा प्रसाद, रितेश त्रिपाठी, डॉ प्रमोद कुमार, होरी लाल श्रीवास्तव, मुकेश कुमार चौबे, संतोष त्रिपाठी, रिजवान, ज़ुबैर खान, शौकत अली, रुखमीना साहनी, पन्ना लाल साहनी, श्याम नारायन विज्ञानी बाबा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट – जाकिर खान

Also Read:UP के 13 जिलों में 24 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी, RERA की बैठक में अहम फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.