Siddharthnagar News 30 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, हथियार बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk:  सिद्धार्थनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 30 हजार रुपये का इनामी बदमाश मुकेश निषाद पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकेश पर हाल ही में मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या करने और उसकी पत्नी व बहन को घायल करने का आरोप है।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी का पूरा विवरण

सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30-31 अगस्त की रात एसओजी और मिश्रौलिया पुलिस की संयुक्त टीम को जंगल तिराहा क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी। टीम ने जब आरोपी मुकेश को रोकने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो मुकेश के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा और खाली कारतूस, दो चाकू, एक मोटरसाइकिल, 900 रुपये नकद और एक रेलवे टिकट बरामद हुआ है।

हत्या और हमले का मामला

यह गिरफ्तारी 23 अगस्त को हुई एक घटना से जुड़ी है। मिश्रौलिया के नागचौरी गांव निवासी गणेश निषाद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके गांव के मुकेश निषाद ने क्रिकेट खेलकर लौटते समय उनके पिता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मुकेश ने उनकी मां और बहन पर भी चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया था। इस मामले में मिश्रौलिया थाने में भारतीय न्याय संहिता-2023 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए टीम को 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली लौटा इंदौर जा रहा एयर इंडिया का विमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.