Siddharthnagar News: सपा के 33वें स्थापना दिवस पर जिलाध्यक्ष लालजी यादव का भाजपा पर हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में समाजवादी पार्टी (सपा) का 33वाँ स्थापना दिवस जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष लालजी यादव की अध्यक्षता में मनाया गया। इस अवसर पर मासिक बैठक भी संपन्न हुई, जिसमें आगामी चुनावों, पार्टी हित और ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रमुख एजेंडा: चुनाव रणनीति और पीडीए

स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने क्षेत्रवार रिपोर्ट ली और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। इस कार्यक्रम में डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून, पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह और विजय पासवान, मोनू दुबे, विभा शुक्ला, प्रदीप पथरकट्ट, और प्रधान संघ अध्यक्ष श्रीश प्रताप उर्फ सोनू यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बरेली घटना पर सरकार को घेरा

मीडिया से खास बातचीत में जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने बरेली घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूबे के मुखिया के निर्देश पर जाति विशेष और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है, जिसे उन्होंने ‘लोकतांत्रिक हत्या’ बताया।

यादव ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि देश में फिर से अंग्रेजी हुकूमत कायम होने वाली है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बरेली घटना का संज्ञान लेने जा रहे बड़े विपक्षी नेताओं को हाउस अरेस्ट करके भाजपा सरकार ने अपनी विफलता का प्रमाण दिया है।

विवादित बयान पर भाजपा नेता को चेतावनी

जिलाध्यक्ष ने सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज क्षेत्र में भनवापुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और हिंदू युवा वाहिनी के नेता लवकुश ओझा के वायरल वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

यादव ने ओझा के बयान, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि “मुस्लिमों सुन लो गलती किए तो मूली और गाजर की तरह भाजपा काटेगी,” पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा ये नेता नहीं हैं, बल्कि जनपद की शांति भंग करने की एक बड़ी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान जनपद के अल्पसंख्यकों को धमकाकर सिद्धार्थनगर को भी बरेली बनाने की कोशिश है।

कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन का ऐलान

इस विवादित बयान के विरोध में समाजवादी पार्टी ने आगामी सोमवार को कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन देने का ऐलान किया है। लालजी यादव ने मांग की है कि भाजपा के इस नेता के विवादित बयान पर तुरंत विराम लगाया जाए, अन्यथा सपा धरना देने को मजबूर होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। स्थापना दिवस के अवसर पर बेचई यादव, राम मिलन भारती, उग्रसेन प्रताप सिंह, अनूप यादव, लवकुश सैनी, कमरुज्जमा आदि प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट : जाकिर खान

 

Also Read: छिंदवाड़ा बच्चों की मौत मामला: संदिग्ध ‘कोल्ड्रिफ’ सिरप लिखने वाले डॉक्टर गिरफ्तार, फार्मा कंपनी पर भी FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.