Siddharthnagar News: नहर में डूबे या लापता? दो किशोरों के मामले में संशय बरकरार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में दो किशोरों के लापता होने से हड़कंप मच गया है। मंगलवार दोपहर से लापता ये बच्चे राप्ती नहर में नहाने गए थे, लेकिन जब देर रात तक घर नहीं लौटे तो उनके नहर में डूबने की आशंका जताई गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि एक सीसीटीवी फुटेज में दोनों बच्चे घर की तरफ लौटते दिखे हैं, जिससे मामले में संशय और बढ़ गया है। पुलिस दोनों ही पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

यह घटना मंगलवार दोपहर की है। थाना कठेला समय माता के ग्राम झखैया के रहने वाले 14 वर्षीय महबूब आलम (पुत्र खुर्शीद) और 15 वर्षीय शफीउल्लाह (पुत्र शमसुल्लाह) घर से घूमने और नहाने के लिए निकले थे। जब दोनों रात तक वापस नहीं आए, तो परिवार वालों ने बुधवार सुबह उनकी तलाश शुरू की। जल्द ही यह खबर पूरे इलाके में फैल गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे बच्चे, तलाश जारी
ग्राम प्रधान अब्दुल्ला बुखारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कठेला समय माता के प्रभारी अभय सिंह अपनी टीम और स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और नहर में तलाश शुरू कर दी।

थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि, “बच्चों के डूबने को लेकर अभी संशय बरकरार है। हमें एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें दोनों बच्चे शाम को घर की तरफ लौटते हुए दिख रहे हैं। हालांकि, उनके नहर में डूबने की सूचना पर गोताखोरों की टीम तलाश कर रही है।”
समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चे मिले नहीं हैं। पुलिस उनकी तलाश के दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस और परिजनों को उम्मीद है कि वे जल्द ही सकुशल मिल जाएंगे। फिलहाल, इस घटना से इलाके में हड़कंप का माहौल है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने थोड़ी राहत भी दी है।
Also Read: Lucknow News: स्वच्छता मॉडल देखने भोपाल से आई टीम, महापौर ने चखाए गोलगप्पे

