Siddharthnagar News: कुपोषण मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने पर जोर, आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण, आंगनबाड़ी केंद्र भवनों और बाल विकास परियोजना कार्यालय/गोदाम के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। यह लाइव प्रसारण लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से हुआ, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में शामिल रहे।
अम्बेडकर सभागार में देखा गया लाइव प्रसारण
जनपद स्तर पर इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अम्बेडकर सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, इटवा के पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी और डुमरियागंज सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कुपोषण मुक्त प्रदेश बनाना सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीते 9 वर्षों में प्रदेश के लोगों और महिलाओं के लिए अनेक कार्य कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा प्रदेश को कुपोषण मुक्त बनाना है, जिसके लिए कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की मेहनत की सराहना करते हुए बताया कि उन्हें स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही केंद्रों पर आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों की शिक्षा पर जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि सरकार की सोच है कि बच्चे अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ही शिक्षा ग्रहण करें, जिसके लिए नए केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कई परियोजनाओं का लोकार्पण
इस कार्यक्रम के तहत जनपद स्तर पर 141 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा 45 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण और 3 नए केंद्र भवनों के निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया। साथ ही 5 बाल विकास परियोजना कार्यालय सह गोदाम के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया।
कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीडीओ राजमणि वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, समस्त सीडीपीओ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: तेजी से आगे बढ़ रहा भारत के स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम का काम, जानिए क्या है प्रोजेक्ट कुशा

