Siddharthnagar News : भारत की संस्कृति और सभ्यता वनों में ही पल्लवित तथा विकसित हुई है- प्रिंसिपल राजेश मोहन
Siddharthnagar News : भारत की संस्कृति और सभ्यता वनों में ही पल्लवित और विकसित हुई है, यह कहना है माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजेश मोहन का। उन्होंने 1 जुलाई, 2025 को मेडिकल कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर वन विभाग की एसडीओ वीना तिवारी भी मौजूद रहीं।
1 से 7 जुलाई तक चलेगा अभियान
यह वृक्षारोपण कार्यक्रम 1 से 7 जुलाई तक चलेगा, जिसमें मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स, स्टाफ और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डॉ. मोहन ने कहा कि “वृक्ष मानव के जीवन के सहचर हैं। इनके बिना न तो नदियाँ बहती हैं, न ही तालाब जल से भरते हैं। इसलिए हम सभी को बिना किसी स्वार्थ के पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए।”

नवजात शिशुओं की माताओं को मिला सागौन का पौधा
वन महोत्सव के तहत मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं की माताओं को सागौन का पौधा और ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट दिया गया। एसडीओ वन विभाग वीना तिवारी ने इसकी शुरुआत की और कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
मेडिकल कॉलेज को मिले 60 नए जूनियर रेजिडेंट
इसी क्रम में, डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा की ओर से मेडिकल कॉलेज में 60 जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स की नियुक्ति की गई है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
जन औषधि केंद्र का हुआ उद्घाटन
मेडिकल कॉलेज के 300 बेड वाले अस्पताल के सामने जन औषधि केंद्र का उद्घाटन भी किया गया। डॉ. मोहन ने बताया कि इस केंद्र पर मरीजों को कम दामों में अच्छी गुणवत्ता वाली दवाइयाँ मिलेंगी, जो बाजार में मिलने वाली महंगी दवाओं जितनी ही प्रभावी हैं।
रिपोर्ट: जाकिर खान

